अंबेडकरनगर। देश महंगाई की मार से बेहाल है, बेरोजगारी चरम पर है। इसके बावजूद लोकसभा में इसकी चर्चा तक नहीं हो रही है। यह आरोप सोमवार को जनपद दौरे पर पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव व प्रदेश सह प्रभारी सत्यनरायण पटेल ने लगाया। जिला मुख्यालय पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सोमवार को जिले में पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सत्यनरायण पटेल ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं, किसानों व आम जनता के हितों में सरकार गंभीर नहीं है। सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मेराजुद्दीन किछौछवी, रामकुमार पाल, अजय सिंह कप्तान, अनीश खान, अमित जायसवाल, डॉ. विजय शंकर तिवारी व दीपक वर्मा आदि ने सह प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया।