आलापुर (अंबेडकरनगर)। परिषदीय विद्यालयों के विकास के लिए प्रदेश सरकार गंभीर है। शासन की मंशा के अनुसार ग्राम प्रधान, शिक्षक एवं प्रबंध समिति के अध्यक्ष आपस में मिलकर कार्य करें। इससे न सिर्फ विद्यालय में संसाधन बढ़ेंगे बल्कि बच्चों की शिक्षा में भी बेहतरी तय होगी।
ये बातें रामनगर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बीते दिन आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहीं। कहा कि सभी के सहयोग से ही परिषदीय स्कूलों में शिक्षा का बेहतर माहौल बन सकेगा। ऐसे में शिक्षकों व अभिभावकों को भी इसमें भरपूर सहयोग करना होगा।
संतकबीरनगर सांसद प्रतिनिधि आनंद त्रिपाठी ने परिषदीय स्कूलों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही कायाकल्प योजना की सराहना की। कहा कि परिषदीय स्कूलों की तस्वीर व माहौल बदलने का काम योगी सरकार ने किया है। परिषदीय स्कूलों को लेकर बनी गलत छवि अब दूर हो रही है। स्कूलों में बच्चों को न सिर्फ सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है बल्कि गुणवत्ता परक पढ़ाई भी हो रही है।
गोष्ठी की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी रियाजुद्दीन ने की। इस मौके पर बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, डायट प्राचार्य मनोज कुमार गिरि, डॉ. मोहम्मद अफजल, बीडीओ दिनेश राम व राहुल कनौजिया आदि मौजूद रहे।