अंबेडकरनगर। जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को यहां समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि समय से धनराशि खर्च न करने वाले ग्राम प्रधान व सचिव को नोटिस जारी किया जाए। पेयजल परियोजनाओं में लापरवाही को लेकर नाराज मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से जहां कोई काम नहीं हुआ वहां के प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर जवाब लिया जाए। मंत्री ने ट्रांसफार्मरों के खराब होने पर उसे तेजी से बदले जाने तथा रोस्टर के अनुरूप बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने को कहा। बिलों को लेकर कैंपों में जरूरी संशोधन प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए। जलनिगम विभाग के अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को लेकर गंभीरता दिखाएं। तेजी से परियोजनाएं पूरी की जाएं।
खाद की कालाबाजारी न होने देने तथा सम्मान निधि से वंचित पात्र किसानों को तेजी से योजना का लाभ दिलाए जाने को कहा। सीएमओ को निर्देश दिया कि सभी तरह की एंबुलेंस का रेस्पांस टाइम बेहतर बना रहे। व्यक्तिगत शौचालय से वंचित लोगों को लाभ दिए जाने तथा कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर न दिखाई दिए जाने का निर्देश दिया।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ ही 50 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामसुंदर वर्मा, डीएम अविनाश सिंह, एसपी डॉ. कौस्तुभ, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ल, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त, सीएमओ डॉ.राजकुमार के अलावा कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।