आलापुर (अंबेडकरनगर)। विशेष कार्ययोजना बनाकर बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जाए। इसमें 22 सप्ताह के लिए क्रमवार ढंग से तैयारियां कर इसका लाभ बच्चों को दिलाया जाए। यह निर्देश डायट प्राचार्य मनोज गिरि ने बीआरसी रामनगर पर आयोजित शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को दिए। इस समय यहां छठे एवं अंतिम बैच का प्रशिक्षण चल रहा है।
डायट प्राचार्य ने प्रशिक्षणार्थियों से निपुण भारत मिशन के लक्ष्य, भाषा एवं गणित सीखने के क्रम व सिद्धांतों पर चर्चा कर उनकी समझ को परखा। कक्षा एक से तीन तक के सभी बच्चों को भाषा एवं गणित की दक्षताओं को निश्चित समय सीमा में प्राप्त कराने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों से कहा कि वे निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नौनिहालोें को सरल भाषा में बेहतर ढंग से शिक्षा दें।
उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने विद्यालय एवं ब्लॉक को अव्वल बनाने का संकल्प लें। इस मौके पर बीईओ रियाजुद्दीन, एआरपी आलोक त्रिपाठी, मोहम्मद अफजल, बलराम यादव, राकेशमणि त्रिपाठी व त्रिशूलधारी आदि मौजूद रहे।