अंबेडकरनगर। एनटीपीसी टांडा द्वारा सोमवार को उमंग स्टेडियम में तीन दिवसीय बालिका हॉकी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। जिला ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम सैमुअल पॉल एन ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
डीएम ने कहा कि तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण शिविर बालिकाओं को हॉकी में आगे बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगा। बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए ताकि वे देश का नाम रोशन करें। डीएम ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया।
विशिष्ट अतिथि एनटीपीसी टांडा के परियोजना प्रमुख बीसी पोलाई ने भी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर महाप्रबंधक मानव संसाधन एसएन पाणिग्राही, जिला खेल अधिकारी शीला भट्टाचार्या, उप महाप्रबंधक परवेज खान व उप महाप्रबंधक मृणालिनी भी मौजूद रहे।
सचिव हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि सभी बालिकाओं को प्रशिक्षण के बाद जिला ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इस प्रशिक्षण में चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा।