नहीं हो पाई पहचान, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के मंदहा गांव के निकट शनिवार सुबह खेत में अज्ञात युवती का शव पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवती की कहीं हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंक दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया है।
मंदहा के कुछ ग्रामीण शनिवार सुबह खेत की ओर जा रहे थे। इसी बीच उन्हें गांव निवासी एक ग्रामीण के चरी के खेत में शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने नजदीक जाकर देखा तो वह युवती का था। यह खबर थोड़ी ही देर में गांव फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की।
युवती के चेहरे पर चोट के कई निशान थे और मुंह से झाग भी निकल रहा था। कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि युवती की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा।