अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार शाम डीएम अविनाश कुमार सिंह ने पर्यटन स्थलों को विकसित करने तथा पहली अप्रैल से चलने वाले दस्तक अभियान को लेकर बैठक की। इसमें अधिकारियों को सक्रियता से काम करने का निर्देश दिया।
एमएलएसी डॉ. हरिओम पांडेय ने सभी विभागों को मिलकर काम करने की सलाह दी। कहा कि वन विभाग, सिंचाई व विकास विभाग यदि मिलकर काम करेगा तो निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में आएंगे। पर्यावरण संरक्षण के साथ ही जीव-जंतुओं के हितार्थ भी काम होगा।
डीएम ने कहा कि पर्यटन स्थलों को विकसित करने से जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस पर मजबूती के साथ काम किया जाए। इससे जिले को कई तरह का लाभ होगा। जिले की विशेष पहचान बढ़ेगी और रोजगार के कई मार्ग प्रशस्त होंगे।
इसके बाद डीएम ने विशेष संचारी/दस्तक अभियान की जिला टॉस्क फोर्स की बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का निर्देश दिया। कहा कि पहली से 30 अप्रैल तक यह अभियान चलना है।
लोगों को साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ ही दूसरों को भी जागरूक करना है। इस मौके पर सीडीओ अनुराज जैन, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा, डीएफओ एके कश्यप व डीडीओ वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।