एक लाख रुपये की नकदी के अलावा नौ मोबाइल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। पुलिस टीम ने साइबर ठगों के अन्तर्जपदीय गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सबने बेंगलुरु के एक व्यक्ति से बीते दिनों 29 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख से अधिक नकद रुपये के साथ नौ मोबाइल भी बरामद किया है।
साइबर सेल तथा बेवाना थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार देर शाम बेवाना थाना क्षेत्र के ताराखुर्द के पास छापा मारा। वहां साइबर ठग अनुज कुमार सिंह निवासी ग्राम मुंगरी कुछ साथियों के साथ बात कर रहा था। पुुलिस टीम ने घेराबंदी कर अनुज के अलावा वहां खड़े चार अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया। उन सभी को बेवाना ले जाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने साइबर ठगी की रकम के बंटवारे को लेकर एकत्र होने की जानकारी दी।
साइबर सेल प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि बेंगलुरू के व्यक्ति से की गई ठगी की रकम आरोपियों ने अलग-अलग एटीएम से निकाल ली थी। अब वे सब अपने अपने हिस्से में बचे रह गए एक लाख रुपये का बंटवारा करने यहां पहुंचे थे। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना राजन पासी है जो जौनपुर जेल में बंद है। गिरफ्तार आरोपियों को बाद में जेल भेज दिया गया। इससे पहले उनकी पहचान अनुज के अलावा जौनपुर के लोधा निवासी वैभव सिंह, यहीं के धीरेंद्र बहादुर सिंह, जोगियापुर निवासी सुरेश निषाद तथा सुल्तानपुर जनपद के करौंदाकला थाना क्षेत्र के परशुरामपुर निवासी नीरज प्रजापति के रूप में हुई।
इस तरह करते थे अपराध
पकड़े बदमाशों ने बताया कि वे लोग सीधे साधे लोगों से संपर्क कर उनका बैंक खाता खुलवाते हैं। उस समय फार्म भरते समय अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करवा देते हैं। इसके बाद खाताधारक से उसका एटीएम कार्ड, पिन नंबर व चेकबुक आदि विश्वास के आधार पर ले लेते हैं। इसके बाद खाताधारकों को अलग अलग तरह का प्रलोभन देकर ठग लेते हैं। ठगी का पैसा अलग-अलग शहरों के बैंकों में खुलवाए गए खातों में पहुंच जाता है। इसके बाद एटीएम कार्ड के जरिए रकम को निकालकर आपस में बांट लेते हैं।