अंबेडकरनगर। नवरात्र पर्व को देखते हुए शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने अलग-अलग स्थानों में खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच पड़ताल की। इस दौरान दुकानों से बेचे जा रहे सिंघाड़ा आटा, मेवा, रामदाना, मूंगफली, इलायची दाना व दूध सहित नौ सामग्रियों के नमूने भी जांच के लिए लैब भेजे गए। आगे की कार्रवाई लैब रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अधिकारी श्रवण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एफएसओ की गठित टीम ने जलालपुर स्थित बेचनराम व दुर्गेश अग्रहरि की दुकानों से सिंघाड़ा आटा, जलालपुर के मालीपुर रोड पर श्याम किराना स्टोर से किशमिश, संतोष किराना स्टोर, मंगुराडिला के यहां से छुहारा, अकबरपुर के संघतिया के निकट अनिल कुमार की दुकान से सिंघाड़ा आटा, हंसवर में भारत किराना स्टोर से रामदाना व अवधेश कुमार की दुकान से मूंगफली दाना के नमूने लैब जांच के लिए भेजे। (संवाद)