केदारनगर (अंबेडकरनगर)। कौशल विकास योजना के तहत 40 से अधिक महिलाओं को सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। एसपी के निर्देश पर इब्राहिमपुर पुलिस टीम ने जौनपुर निवासी एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ऐनवां निवासी सुनीता चौहान ने थाने में दी तहरीर में बताया कि जौनपुर जिले के थाना बदलापुर आसोपुर निवासी मनीष तिवारी व दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने 40 से अधिक महिलाओं से ठगी की है। कौशल विकास योजना के तहत सिलाई मशीन व अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का आरोपी ने झांसा दिया था। महिलाओं से 500 से 1 हजार रुपये तक की वसूली की गई। लंबा समय बीतने के बाद जब सिलाई मशीन या फिर अन्य कोई सुविधा का लाभ नहीं मिला तो आरोपी से पैसा वापस करने की मांग की।
बाद में पता चला कि उसने महिलाओं के साथ धोखा किया है। इस पर उन्होंने एसपी अजीत कुमार सिन्हा से पूरे प्रकरण की शिकायत की। थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर सुनील पांडेय ने बताया कि एसपी के निर्देश पर मामले में एक नामजद मनीष व दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। (संवाद)