भीटी (अंबेडकरनगर)। कूटरचित ढंग से भूमि हड़पने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। भीटी तहसील क्षेत्र के पांडे पैकौली गांव निवासी पवन कुमार पांडेय ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसके चाचा कन्हैया प्रसाद की भूमि पांच सितंबर 2019 को कूट रचित ढंग से जनपद अयोध्या के थाना रौनाही अंतर्गत करेरू गांव निवासी उमेश त्रिपाठी ने अपने नाम करा लिया।
पीड़ित ने इसकी शिकायत भीटी थाने पर की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में उसे न्यायालय की शरण लेने पर मजबूर होना पड़ा। इस बीच न्यायालय ने भीटी पुलिस को प्रकरण में केस दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने उमेश त्रिपाठी के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार यादव ने बताया कि केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।