1680 पूजा पंडाल में स्थापित होंगी मां दुर्गा की प्रतिमा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले में 1680 पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सुरक्षा के लिए प्रमुख पूजा पंडालों पर महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी। पांच जोन व 18 सेक्टर में बांटे गए जिले में पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने की जिम्मेदारी संबंधित थाने की पुलिस टीम के साथ ही एक कंपनी आरएएफ व दो कंपनी पीएसी पर होगी।
नवरात्र व छठ पूजा को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। नवरात्र पर्व को देखते हुए प्रमुख मंदिरों के इर्दगिर्द सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके साथ ही दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां एक दिन पहले पूर्ण कर लीं।
एएसपी संजय राय ने बताया कि जिले में 1680 पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं। सभी समितियों के जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है कि पंडाल पर प्रत्येक समय दो वालंटियर की तैनाती की जाए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में स्थापित पूजा पंडाल पर वालंटियर के साथ ही चौकीदार व होमगार्ड की तैनाती की जाएगी। प्रमुख पूजा पंडालों पर महिला हेल्प डेस्क की स्थापना रहेगी।
बताया कि पर्व को देखते हुए जिले को पांच जोन व 18 सेक्टर में बांटा गया है। जोन की जिम्मेदारी सीओ जबकि सेक्टर की जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्ष निभाएंगे। प्रत्येक सेक्टर में एक एक सब सेक्टर बनाए गए हैं। इसकी जिम्मेदारी बीट सिपाही व हल्का दरोगा को सौंपा गया है। दो कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है। इसमें टांडा, जलालपुर, बसखारी व अकबरपुर में एक एक प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। इसके अलावा एक कंपनी आरएएफ लगातार अलग-अलग क्षेत्र का भ्रमण करेगी।