अंबेडकरनगर। स्नातक एमएलसी चुनाव को बेहतर ढंग से निपटाने की जिम्मेदारी पांच जोनल व नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट पर होगी। 30 जनवरी को होने वाले मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए पांच उड़न दस्ते के साथ ही पांच वीडियो अवलोकन टीम की भी ड्यूटी लगाई गई है।
स्नातक एमएलसी चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मालूम हो कि 30 जनवरी को स्नातक एमएलसी चुनाव होना है। सभी नौ विकास खंड मुख्यालय पर बने मतदान केंद्र पर 13 हजार 961 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 5032 महिला जबकि 8929 पुरुष मतदाता हैं।
चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए मंगलवार को जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती कर दी गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार पांच जोनल व नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
पांच उड़न दस्ते के साथ ही पूरी चुनावी प्रक्रिया पर पांच वीडियो अवलोकन टीम निगरानी रखेगी। मतदान की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगी। बाद में मतपेटी को सील कर गोरखपुर कड़ी सुरक्षा के बीच भेजी जाएगी जहां मतों की गणना होनी है।