जलालपुर (अंबेडकरनगर)। सुल्तानपुर जिले के कुंदा भैरोपुर में हुए विवाद के बाद छात्र को नदी में डुबोकर मार डालने के आरोप में नामजद पांच छात्रों को मालीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जाता है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
बीते दिनों सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र के कुंदा भैरोपुर महाविद्यालय में छात्रों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद मालीपुर थाना क्षेत्र के नेमपुर निवासी बीएससी के छात्र हृदय तिवारी को घेरकर पिटाई कर दी गई थी। हृदय तिवारी को मझुई नदी में डुबोकर मार डालने का आरोप लगाते हुए पिता घनश्याम तिवारी ने मालीपुर थाने में छह छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने इनमें से हुसैनपुर विपहन निवासी दीपक दुबे, यहीं के अगम तिवारी, नेमपुर निवासी शेरबहादुर प्रजापति व रोहित प्रजापति तथा अंखडनगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी शिवम उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। मालीपुर पुलिस ने इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नेमपुर बाजार में बंद पड़ी दुकानों के पीछे छिपे रहने के दौरान किया जाना दिखाया है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी तलाश में छापे डाले जा रहे हैं। एसओ चंद्रभान यादव ने बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब कोर्ट से इनकी रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी।