अंबेडकरनगर। जिले के पांच धार्मिक स्थलों का पर्यटक स्थल के तौर पर विकास होगा। यह जानकारी एमएलसी हरिओम पांडेय ने रविवार देर शाम सीएम से मुलाकात के बाद दी। उन्होंने बताया कि जिले में विकास के कई अन्य कार्यों को भी सरकार ने मंजूरी दी है।
विकास और राजनीतिक एवं प्रशासनिक दशा को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कालीदास मार्ग स्थित आवास पर अयोध्या मंडल के विधायकों से मुलाकात की। इसमें अंबेडकरनगर अयोध्या सीट से एमएलसी हरिओम भी शामिल हुए। उन्होंने सीएम से श्रवण क्षेत्र, शिवबाबा धाम, गोविंद साहब, ब्रह्म बाबा धाम और हनुमानगढ़ी टांडा धार्मिक स्थल के पर्यटन विकास की जरूरत पर जोर दिया। कहा कि वृहद कार्य और पैकेज की जरूरत है क्योंकि इन स्थलों से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। यहां प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचने के साथ ही मेलों आदि का भी आयोजन होता रहता है। एमएलसी ने बताया कि सीएम ने इन क्षेत्रों के व्यापक विकास का भरोसा देते हुए कार्य के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है।
बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आलापुर एक एनवा, टांडा के सुलेमपुर परसावां, अकबरपुर के कुर्की महमूदपुर, कटेहरी के रामपुर गिरंट और जलालपुर के ब्रह्मबाबा में नए उपकेंद्रों की स्थापना कराए जाने का मांगपत्र भी दिया। बताया कि अभी जो उपकेंद्र हैं उनमें ज्यादातर ओवरलोड हैं। आश्रम पद्धति विद्यालय प्रतापपुर चमुर्खा के निर्माण को तेजी से पूरा कराए जाने पर जोर देते हुए पर्याप्त धनराशि मुहैया कराने का पत्र सौंपा। अकबरपुर बस डिपो का नाम बदलकर श्रवण कुमार के नाम पर किए जाने की भी मांग की गई।
एमएलसी ने भीटी तहसील मुख्यालय को नगर पंचायत का दर्जा किए जाने की जरूरत पर बल दिया। कहा कि भीटी तहसील में कोई निकाय नहीं है। ऐसे में भीटी को नगर क्षेत्र का दर्जा देने की जरूरत है। भीटी में अग्निशमन केंद्र स्थापना में तेजी लाए जाने की मांग करते हुए एमएलसी ने कहा कि इससे आग से बचाव में और मदद मिल सकेगी।
एमएलसी ने बसखारी अकबरपुर सुरहुरपुर मार्ग के अवशेष भाग का चौड़ीकरण कराए जाने, टांडा बरियावन सुरहुरपुर मार्ग के अवशेष भाग का चौड़ीकरण कराए जाने की भी मांग सीएम से हुई। एमएलसी ने सीएम के सामने जिला अस्पताल और सीएचसी पीएचसी में चिकित्सक और अन्य स्टाफ की कमी का भी मुद्दा उठाया। इसे अविलंब दूर किए जाने की मांग की। सरकारी भवनों और आवास के जर्जर होने का जिक्र करते हुए विशेष मरम्मत करने की मांग की।