आलापुर/बसखारी (अंबेडकरनगर)। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन गांवों में शाॅर्ट सर्किट व अन्य कारणों से लगी आग में 130 बीघा गेहूं की फसल जलाकर राख हो गई। इससे किसानों को लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने से संबंधित गांवों में घंटों अफरातफरी का माहौल रहा।
तहसील क्षेत्र टांडा के धौरहरा गांव में रविवार दोपहर बिजली के तार हुए हुई शाॅर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के चलते राममूरत के गेहूं के खेत में आग लग गई। आग की तेज लपटें उठने लगीं। आसपास के ग्रामीणों ने फायर कर्मियों को सूचना देने के साथ ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम भी जुट गई।
लगभग डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक राममूरत मौर्या, बरकुन्निशां, अकबर अली, रामकिशोर मौर्या, रामधारी, मुत्रालाल, रामदयाल, शमशाद अहमद, इजहार अहमद, अंसार अहमद, अरसलान, कोरीलाल, रामलौटन यादव, दशरथ, सभाजीत, हकीकुन्निशां, हयात मोहम्मद, मोहम्मद नसीम, हाजी मोहम्मद शकी, जहीर अहमद, जकीर अहमद, समीर अहमद, मोहम्मद शफीक, मोहम्मद कय्यूम, मोहम्मद नईम, मोहम्मद शमीम समेत 20 किसानों की लगभग 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसमें लगभग 10 लाख रुपये की फसल को नुकसान हुआ।
इसी तहसील क्षेत्र के गौहिला गांव में भी रविवार दोपहर भूसा तैयार करने वाली मशीन से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। फायरकर्मी वहां पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से जब तक आग पर काबू पाते तब तक रामशरण, आनंद कुमार, रामचंद, हरिश्चंद, रामसुरेश, बरसाती, रामआसरे, रामनयन, राजदेव, श्यामदेव, अच्छेलाल, विश्वनाथ, मेवालाल, महादेव, रामप्रताप, समुदा समेत 15 से अधिक किसानों की लगभग 50 बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी। यहां भी लगभग 10 लाख रुपये की फसल को नुकसान हुआ। दोनों ही स्थानों पर अधिकारियों ने पहुंचकर किसानों को आवश्यक मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र आलापुर के हिसामुद्दीनपुर पिपरी गांव में रविवार सुबह अज्ञात कारणों से गांव निवासी रविशंकर के गेहूं के खेत में आग लग गई। आग की उठती लपटों को देख मौके पर हड़कंप मच गया। फायर कर्मियों को सूचना देकर स्थानीय लोग आग पर काबू पाने की कोशिश में लग गए। आग तेजी से आगे बढ़ती रही। लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक एक दर्जन से अधिक किसानों की लगभग 30 बीघा फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग बुझने के बाद फायर कर्मियों के पहुंचने पर उन्हें स्थानीय लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा।
इस बीच जानकारी होते ही एसडीएम आलापुर सदानंद सरोज, नायब तहसीलदार राजकपूर व थानाध्यक्ष राकेश कुमार कनौजिया मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने आश्वस्त किया कि जो नुकसान हुआ है उसका आंकलन कर मुआवजा दिया जाएगा। पीड़ितों के अनुसार आग से लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।