अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ऐनवा बाजार में बुधवार सुबह कपडे़ की दुकान में आग लग गई। जब तक लोग पर आग पर काबू पाते तब तक दुकान में रखा दस लाख का कपड़ा जलकर राख हो गया।
थाना क्षेत्र के विश्वनाथ वर्मा ने ऐनवा बाजार में वर्मा ट्रेडर्स के नाम से कपड़े की दुकान कर रखी है। बताया जाता है कि बुधवार सुबह दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। दुकानदार को सूचित करने के साथ लोग मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने की कोशिश शुरू हुई लेकिन शटर बंद होने के चलते लोग आग को नियंत्रित करने में असफल रहे।
दुकानदार के पहुंचने पर शटर खोला गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना के बाद भी फायर कर्मी मौके पर नहीं पहुंच सके। पीड़ित के अनुसार घटना से उसे दस लाख रुपये की चपत लगी है। स्थानीय लोगों ने शार्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका प्रकट की है। संवाद