आलापुर। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। क्षेत्र के बरईपुर चहोड़ा शाहपुर निवासी हरिश्चन्द्र के मुताबिक, उनका भतीजा शिवम (7) 28 फरवरी को शाम करीब पांच बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित दुकान से सामान लेकर वापस सड़क पर लौट रहा था। उसी समय जहांगीरगंज के इसारी नसीरपुर निवासी विशाल यादव बाइक वहां पहुंचे और शिवम को टक्कर मार दी। वर्तमान में आजमगढ़ जिले में उपचार चल रहा है। वहीं, क्षेत्र के हाफिजपुर लंगड़ी निवासी मंशाराम के मुताबिक, 25 फरवरी को दोपहर करीब चार बजे उनकी पत्नी अंजू देवी अपनी तीन वर्षीय पुत्री समाइरा के साथ घर के सामने सड़क पर खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार व लापरवाही में बोलेरो ने पुत्री को टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से चला गया। थाना प्रभारी रितेश पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।