अंबेडकरनगर। जल जीवन मिशन के तहत हर घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में समय पर काम पूरा न करने पर विंध्या टेली लिंक पर नमामि गंगे ग्रामीण जलापूर्ति विभाग लखनऊ ने दस करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के तहत 571 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके लिए जिले में दो कंपनियों को नामित किया गया है। इनमें 509 परियोजनाओं पर विंध्या टेली लिंक काम करा रही है। 62 परियोजना पर वेल स्पेन काम करा रही है। बीते माह शासन में हुई कार्याें की समीक्षा में विंध्या टेली लिंक के कार्य की गति धीमी पाई गई। इस पर नमामि गंगे विभाग लखनऊ ने कंपनी पर काम की लागत के सापेक्ष एक प्रतिशत का जुर्माना लगाया है। ऐसे में लगभग 10 करोड़ से अधिक का जुर्माना होता है। निर्देश दिए गए कि अगर काम में तेजी नहीं आई तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जल निगम कार्यालय के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत मौजूदा समय में विंध्या टेली लिंक का 509 परियोजना की तुलना में मात्र 76 परियोजना का काम पूरा हुआ है। शेष पर काम चल रहा है। वहीं वेल स्पेन ने 62 की तुलना में मात्र नौ परियोजनाओं का काम पूरा कर सकी है। ऐसे में वेल स्पेन भी काम में तेजी नहीं लाता तो आने वाली समीक्षा बैठक मेंं इस पर भी जुर्माना लगना तय है।
दिसंबर तक जलापूर्ति के हैं निर्देश
नमामि गंगे के तहत सभी परियोजना को दिसंबर माह तक चालू कर देने के सख्त निर्देश हैं। काम की गति ठीक न होने के चलते पूर्व में निदेशालय द्वारा की गई समीक्षा में विंध्या टेली लिंक पर दस करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। -सूरज वर्मा, अधिशासी अभियंता, जल निगम