अंबेडकरनगर। खाद की कालाबाजारी रोकने को लेकर शुक्रवार को जिले में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टीमों ने खाद की 43 दुकानों पर छापा मारा। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर दो दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। खाद के चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। एक दुकानदार को कारण बताओ नोटिस जारी की गई।
जांच अभियान के लिए डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर सभी तहसील क्षेत्र में एसडीएम व कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई थी। ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने अपने-अपने क्षेत्र में एक साथ जांच की। छापामारी की जानकारी मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर भाग गए।
जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय ने बताया कि अकबरपुर नगर स्थित रवि बीज भंडार पर स्टॉक बोर्ड नहीं मिला। स्टॉक रजिस्टर भी अपडेट नहीं था। इस पर दुकान के लाइसेंस को निलंबित कर दिया। टांडा क्षेत्र के शिवलीपुर स्थित ग्रामीण उर्वरक भंडार पर भी स्टॉक व रेट बोर्ड नहीं लगा था। इस दुकान का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है। जांच के दौरान चार दुकानों से खाद के नमूने लिए गए। गड़बड़ी मिलने पर एक दुकानदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिले में पहुंची 46 हजार एमटी यूरिया
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अगस्त माह के लक्ष्य 41 हजार 511 एमटी की तुलना में 46 हजार 58 एमटी यूरिया जिले में पहुंच चुकी है। जिले में 33 हजार 335 एमटी यूरिया का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में 12693 एमटी यूरिया उपलब्ध है। बताया कि दो तीन दिन में अयोध्या रैक प्वाइंट से इफ्को कंपनी की 1350 एमटी यूरिया प्राप्त होगी।