जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र कटका में सीएचसी सेमरा रफीगंज मोड़ के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से घर में कोहराम मचा हुआ है।
पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव निवासी लालचंद्र (62) पुत्र साहबदीन (42) के साथ बाइक से कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के कोईरीपुर स्थित भाई फूलचंद के घर जा रहे थे। बीते दिनों फूलचंद की पुत्री का मुंबई में निधन हो गया था। इसी को लेकर पिता-पुत्र सांत्वना प्रकट करने जा रहे थे। सेमरा मोड़ के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सांस चलने की उम्मीद में उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी सेमरा रफीगंज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। साहबदीन व लालचंद्र दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
भगतपुर के प्रधान बाबूराम ने बताया कि लालचंद के दो बेटे थे। बड़े बेटे साहबदीन की शनिवार हादसे में मौत हो गई जबकि छोटा बेटा रामदीन (20) घर पर रहकर खेती करता है। वहीं साहबदीन के दो बेटे व एक बेटी है।
दुर्घटना में मौत को लेकर केस
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र जैतपुर के पूरा बदलही गांव के पास माह भर पहले हुई दुर्घटना में मौत के प्रकरण में पुलिस ने अब केस दर्ज किया है। दो मार्च को पूरा बदलही गांव के पास दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। इसमें पवई थाना क्षेत्र निवासी सुभाष (42) पुत्र तीजू की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया था। एक दिन पहले दिवंगत के पिता तीजू ने जैतपुर थाने में तहरीर देकर दीपचंद्र निवासी अमदही के खिलाफ केस दर्ज कराया। थानाध्यक्ष गुड्डू जोशी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।