अंबेडकरनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में चार करोड़ रुपये से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। यह रकम चिकित्सीय उपकरणों की खरीद के साथ मौजूदा मशीनों की मरम्मत व रखरखाव पर खर्च की जाएगी।
महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में संसाधनों की बढ़ोतरी का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। बीते दिनों ही यह तय हुआ था कि प्रदेश के तमाम मेडिकल कॉलेजों में जरूरी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके चलते सरकार ने दो करोड़ रुपये नई मशीनों की खरीदारी के लिए स्वीकृत कर दिए। यह राशि सद्दरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंच भी गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तय किया कि छह अलग-अलग विभागों के लिए 10 मशीनें व जरूरी उपकरण खरीदे जाएंगे। इससे मरीजों की जांच, इलाज व ऑपरेशन में पहले से ज्यादा सुविधा मिल सकेगी।
ब्लड बैंक व हड्डी विभाग के लिए सबसे ज्यादा तीन-तीन मशीनें खरीदे जाने का निर्णय हुआ है। ब्लड बैंक के लिए रक्त घटक निकालने की अत्याधुनिक स्वचालित मशीन खरीदी जाएगी। ऑटोमेटेड ब्लड कंपोनेंट एक्सट्रैक्टर नाम की यह मशीन खून से तीन से चार मिनट में 99 प्रतिशत प्लाज्मा व रक्त कणिकाएं आदि घटक अलग कर देती है। यह मशीन पहले भी यहां थी लेकिन अब अत्याधुनिक किस्म की मशीन उपलब्ध होगी।
इम्यूनोएसे एनलाइजर के अलावा आठ बैग का रेफ्रीजरेटेड सेंट्रीफ्यूज भी खरीदा जाएगा जिसका लाभ खून की विभिन्न जांच में होगा। हड्डी विभाग में ऑपरेशन के लिए अब हैलोजन लाइट के स्थान पर एलईडी मोबाइल लाइट लगेगी। अत्याधुनिक सीआर्म मशीन के साथ ही इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन स्थापित कराई जाएगी जिसका प्रयोग ऑपरेशन के दौरान बोन में रॉड ट्रांसप्लांट करने के लिए होता है। सामान्य सर्जरी, आंख, कान व नाक विभाग समेत स्किन विभाग के लिए भी मशीनें खरीदी जाएंगी। इससे इन सभी विभागों में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में दो करोड़ रुपये की लागत से तमाम मशीनों की मरम्मत कराई जाएगी। इनमें एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे मशीन तथा ऑपरेशन थिएटर के सभी उपकरणों समेत अन्य प्रकार के चिकित्सीय उपकरण शामिल हैं। वार्षिक मरम्मत व रखरखाव के लिए कुल पांच करोड़ रुपये का प्रस्ताव मेडिकल कॉलेज से भेजा गया था। फिलहाल दो करोड़ रुपये राज्य सरकार ने स्वीकृत किए हैं।
प्राचार्य ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में वेलनेस सेंटर की स्थापना की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन सेंटरों की स्थापना पर जोर है। ऐसे सभी सेंटर पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर की तैनाती होनी है। इसके लिए इस मेडिकल कॉलेज को 120 युवाओं के बैच के लिए चुना गया है। जरूरी निरीक्षण व प्रक्रिया बीते दिनों पूरी हो गई है। अगले कुछ दिनों में बीएससी नर्सिंग की डिग्री हासिल कर चुके युवाओं को यहां चार माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी तैयारियां तेजी से पूरी कराई जा रही हैं।
मेडिकल कॉलेज में छह विभागों के लिए दो करोड़ की लागत से नई मशीनें व उपकरण खरीदे जाएंगे। दो करोड़ रुपये से मौजूदा मशीनों व उपकरणों की मरम्मत एवं रखरखाव होगा। इससे यहां आने वाले मरीजों को और ज्यादा लाभ दिलाया जा सकेगा।
-डॉ. संदीप कौशिक, प्राचार्य