टांडा/बसखारी (अंबेडकरनगर)। तीन अलग-अलग मामलों में ईंट भट्ठा व्यवसायी, ऑटो मोबाइल शोरूम संचालक व उनके रिश्तेदार पेट्रोल पंप मालिक से 45 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। टांडा कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद जबकि बसखारी पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। सभी घटनाओं में बदमाशों ने रंगदारी न देने पर हत्या की भी धमकी दी। पुलिस इन मामलों को एक माफिया से जोड़कर चल रही है।
लंबे समय से रंगदारी आदि के मामले शांत पड़े रहने के बाद अब एक के बाद एक कई नए मामले सामने आ गए। टांडा के मोहनगंज चौराहा निवासी लल्लन यादव का मुबारकपुर में अमित ऑटो मोबाइल शोरूम है। बीते दिनों आलमपुर धनौरा निवासी मनीष ने आकर कहा कि सिसवां निवासी परवेज को 10 लाख रुपये पहुंचा दो। अगले दिन एक मोबाइल से फोन कर परवेज ने जबकि थोड़ी देर बाद अश्विनी नामक एक व्यक्ति ने फोन कर रंगदारी मांगी। यह जानकारी मिलने के बाद लल्लन के रिश्तेदार फौजी पेट्रोल पंप के संचालक दिनेश कुमार ने परवेज के नंबर पर फोन किया तो धमकी देते हुए पैसा पहुंचाने को कहा गया।
तहरीर में बताया गया कि एक जून को थार गाड़ी से एक व्यक्ति पेट्रोल पंप पर पहुंचा और उसने डीजल भरवाया। इसके बाद पैसे देने के बजाय कर्मचारी को एक पत्र देकर चला गया। उसमें 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। दोनों व्यवसायियों को धमकी दी गई कि रकम न देने पर जान से मार दिया जाएगा। कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि मनीष, परवेज व अधिनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
उधर टांडा कोतवाली अंतर्गत दौलतपुर हाजलपट्टी (सिसवा) निवासी मकसूद अहमद से भी रंगदारी मांगी गई। वे संदहा मजगवा बसखारी में ईंट भट्ठा चलाते हैं। बसखारी थाने में दी तहरीर में बताया कि एक जून की सुबह दो अज्ञात व्यक्ति बाइक पर सवार भट्टे पर आए। मजदूर राहुल को एक लिफाफा देकर चले गए। शाम को भट्ठा पहुंचने पर जब लिफाफा खोला तो उसमें 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पत्र में पप्पू नाम के व्यक्ति से पैसा भिजवाने की बात लिखी थी। पैसा न देने पर चार बेटों में से एक पुत्र की हत्या एवं कहीं शिकायत करने पर दो पुत्र की हत्या करने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी जेपी सिंह यादव ने बताया कि अज्ञात पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
पुलिस टीम आज करेगी खुलासा
खबर है कि पुलिस ने रंगदारी मामले में दो आरोपियों को पकड़ लिया है। इसका खुलासा शनिवार को किए जाने की तैयारी है। खबर यह भी है कि पूरे मामले में लिप्त माफिया व रंगदारी मांगने से जुड़े गुर्गों के गठजोड़ आदि का भी खुलासा होगा। बदमाशों की गिरफ्तारी में टांडा कोतवाली पुलिस टीम के हाथ सफलता लगने की खबर है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी खुलकर कहने को तैयार नहीं ।
खान मुबारक से जुड़ा ऑडियो चर्चा में
शुक्रवार को एक ऑडियो सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति फोन कर 15 लाख रुपये खान मुबारक के लिए मांगने की बात कर रहा है। ऑडियो में व्यक्ति यह कहता सुना जा रहा है कि खान भाई इन दिनों मुश्किल में हैं। उन्हें अलग-अलग प्रकरण में छुटकारा पाने के लिए मदद की जरूरत है। यह भी कहा गया कि उन्होंने आज तक इस तरह की कोई मदद नहीं मांगी है। पैसा वापस कर दिया जाएगा।