जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। आलापुर के जहांगीरगंज स्थित अकादमिक रिसर्च सोसायटी ने शैक्षणिक सत्र 2024–25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा अलंकरण समारोह आयोजित करने की घोषणा की है। यह आयोजन 7 सितंबर को रामशब्द स्मृति पीजी कॉलेज बिशुनपुर बजदहा में होगा। संस्था के निदेशक डाॅ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न और छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके लिए पात्र छात्र-छात्राओं को 30 अगस्त तक आवेदन पत्र संस्था में जमा करना अनिवार्य होगा। पं. राम मनोरथ त्रिपाठी स्मृति छात्रवृत्ति योजना में हाईस्कूल के छह विद्यार्थियों को 500 रुपये प्रतिमाह दो वर्षों तक, इंटरमीडिएट के 3 मेधावियों को 1000 रुपये छात्रवृत्ति एक वर्ष तक दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, पांच श्रेष्ठ माध्यमिक शिक्षकों को आगामी 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर आचार्य नरेंद्र देव स्मृति अवार्ड से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम में मेधावी छात्रों के साथ-साथ उच्च परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्य व प्रबंधन प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।