जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। पोषण कार्यक्रम के तहत पहाड़पुर कौड़ाही में शुक्रवार को चौपाल का आयोजन हुआ। इसमें 10 महिलाओं की गोदभराई कराने के साथ कई बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को कई तरह की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उसका लाभ उठाने की अपील भी की। गर्भवती व अन्य महिलाओं को बेहतर खानपान की सलाह दी गई।
रामनगर के खंड विकास अधिकारी दिनेश राम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि नवजात कुपोषण का शिकार न हों, इसके लिए सरकार द्वारा कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए पोषणयुक्त दलिया, रिफाइंड ऑयल, चने की दाल दी जा रही है।
सीडीपीओ रामनगर विनोद कुमार ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती, धात्री व छह माह से तीन वर्ष तथा तीन वर्ष से छह वर्ष तक के बच्चों का पंजीयन कराएं। कुपोषण को दूर भगाने में जन सहयोग की ज्यादा जरूरत है।
अधिकारियों ने कहा कि बच्चों का वजन जरूर कराएं। यदि कोई बच्चा कुपोषित मिले तो उसकी सूचना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दें जिससे समयानुसार सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें। बाद में 10 महिलाओं की गोदभराई करने के साथ ही कई बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इस मौके पर एडीओ पंचायत बृजेश वर्मा, ग्राम प्रधान अमिंदा खातून, कंचनलता, प्रेमा देवी, रेखा देवी, रेखा गौड़ व किरण तिवारी आदि मौजूद रहीं।