श्रवणक्षेत्र मेले में रविवार को खरीदारी करतीं महिलाएं। -संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
श्रवणक्षेत्र (अंबेडकरनगर)। श्रवणक्षेत्र मेले में चौथे दिन भी मेलार्थियों का भारी हुजूम दिखा। रविवार को अवकाश होने के चलते काफी संख्या में युवा पहुंचे। मनोरंजन के साधनों का लुत्फ उठाने के साथ सामानों की जमकर खरीदारी की। हालांकि मेले में साफ-सफाई व पेयजल संकट से मेलार्थियों को जूझना पड़ा।
मातृ-पितृ भक्ति के प्रतीक श्रवण कुमार की तपोस्थली में चल रहे पांच दिवसीय मेले में अव्यवस्था का बोलबाला दिखा। मेलार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल के लिए न तो पर्याप्त हैंडपंप है और न ही वाटरटैंक की व्यवस्था की गई है। अधीकरत दुकानदार नदी के पानी से काम चला रहे हैं। साफ-सफाई का संकट भी कई दुकानों के आस-पास देखने को मिला। इससे मेलार्थियों को मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा।
वहीं रविवार को काफी संख्या में मेलार्थी पहुंचे। दोपहर से ही मेलार्थी पहुंचना लगे। मंदिर परिसर में जहां पूजन-अर्चन व भजन-कीर्तन का दौर जारी रहा, वहीं मेलार्थियों ने मनोरंजन के संसाधनों का खूब लुत्फ उठाया। बड़े झूलों का जहां बच्चों समेत युवाओं ने आनंद उठाया तो मड़हा व बिसुही नदी के संगम में मोटर बोटिंग के अलावा सर्कस व मिकी माउस झूले पर भी खूब भीड़ उमड़ी।
सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद जेब कतरे भी सक्रिय नजर आए। कटेहरी के रामपूजन, पहितीपुर से आयी राधिका देवी, अन्नावां के राजकुमार की जेब उचक्कों ने काट लिया। इसी तरह कई अन्य मेलार्थियों की जेब कट जाने से उनका मेले का उत्साह फीका पड़ गया।