इंजन चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार। संवाद
अंबेडकरनगर। बेवाना पुलिस ने अंतरजनपदीय इंजन चोर गिरोह का राजफाश करते हुए पांच आरोपियोंं को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी के छह इंजन बरामद हुए हैं। जिन दो चार पहिया वाहनों से चोरी की जाती थी पुलिस ने उन्हें भी बरामद कर लिया है।
बेवाना थाना क्षेत्र में लगातार इंजन चोरी की घटनाओं को एक गिरोह अंजाम दे रहा था। मंगलवार को उमरपुर गांव के मनोज मौर्य, गयाशंकर और रामकेवल ने खेत से डीजल इंजन चोरी का केस दर्ज कराया था। इससे पहले भी इंजन चोरी की कई घटनाएं हो चुकी थीं। पुलिस अज्ञात चोरोंं की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी थी।
रात आठ बजे के करीब थानाध्यक्ष प्रेमचंद के मोबाइल पर मुखबिर ने चोर गिरोह के रसूलपुर दियरा गांव के पास होने की सूचना दी। पुलिस टीम ने छापा मारा तो वाहन लेकर चोर भागने लगे। पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह में कुल पांच सदस्य हैं। सरगना भीटी थाने के बीबीपुर रंडौली गांव निवासी सभाजीत निषाद सबना तिवारीपुर के मनोज कुमार और पिंटू वर्मा, सकौना पीरपुर गांव का सूरज राजभर तथा अयोध्या जनपद के कटरा गांव निवासी ताज मोहम्मद का गिरोह दिन में इंजन के स्थान की रेकी कर रात में घटना को अंजाम देता रहा है। पिछले छह माह के भीतर एक दर्जन से अधिक इंजन चोरी कर चुके हैं। इनके पास से पुलिस ने दो वाहन और छह इंजन बरामद किए हैं।