जलालपुर (अंबेडकरनगर)। निजामपुर मोड़ के पास बुधवार भोर में जैतपुर पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान थाने का एक सिपाही भी घायल हो गया। पकड़े गए तस्कर के पास से पुलिस ने असलहा व कारतूस के अलावा बाइक बरामद की है। तस्कर समेत सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जैतपुर थाना प्रभारी जंगेश हुसैन ने बताया कि पुलिस टीम बुधवार भोर में क्षेत्र भ्रमण पर थी। इस बीच सूचना मिली कि आजमगढ़ की तरफ से एक बाइक सवार आ रहा है जो 25 हजार का इनामी है। वह संरक्षित पशुओं की तस्करी करता है। पुलिस टीम को उसकी काफी समय से तलाश है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने निजामपुर मोड़ के पास घेराबंदी शुरू कर दी। इस बीच एक व्यक्ति बाइक लेकर वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी। गोली सिपाही अभिषेक यादव के पैर में जाकर लगी।
इस पर पुलिस टीम ने अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। इससे वह घायल हो कर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान एकलाख अहमद निवासी नगपुर, थाना जलालपुर के रूप में हुई। उसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई। बाद में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।