सम्राट अशोक की जयंती कार्यक्रम में बुधवार को मौजूद जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता। -संवाद
अंबेडकरनगर। चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती बुधवार को जगह-जगह उल्लास के साथ मनी। गोष्ठियों का आयोजन कर उनके आदर्श व पराक्रम पर चर्चा हुई। ऐसे आदर्शों से सीख लेकर देश की एकता व अखंडता के लिए एकजुट रहने का संकल्प दोहराया।
जन अधिकार पार्टी जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मौर्य की अगुवाई में जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मंडल प्रभारी अयोध्या मंडल विनय मौर्य, भरत विक्रम मौर्य व हरिगोपाल मौर्य ने सम्राट अशोक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी विभूतियां हमारे समाज के लिए गौरव होती हैं। इस मौके पर लालमन मौर्य, सुधीर, धर्मेंद्र मौर्य व आनंद मणि आदि मौजूद रहे।
मौर्य सम्राट एकता संघ के तत्वावधान में विकास खंड कटेहरी के सेमरी गांव में सम्राट अशोक की जयंती मनी। अध्यक्षता डॉ. महावीर मौर्य व संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर मौर्य ने किया।
सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष शिवकुमार मौर्य ने सम्राट अशोक के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया कि आज भी सिक्कों में अशोक का स्तंभ लगा है जो मौर्य वंश की निशानी है। इस मौके पर भजुराम, अशोक मौर्य, आशाराम, महावीर, रामनाथ व हरिराम आदि मौजूद रहे।