बसखारी (अंबेडकरनगर)। पावर कार्पोरेशन की टीम ने अभियान चलाकर 12 से अधिक लोगों को बिजली की चोरी करते पकड़ लिया। टांडा व जलालपुर में भी इसी तरह के अभियान चले। पांच आरोपियों के विरुद्ध केस भी दर्ज कराया गया।
बसखारी में उपखंड अधिकारी आमोद कुमार, अवर अभियंता मुन्ना कुमार यादव, विजलेंस प्रभारी बृजेश्वर यादव, हेडकांस्टेबल प्रदीप कुमार व अवधेश चौधरी ने मंगलवार देर शाम तथा बुधवार दिन में बसखारी बाजार में सघन बिजली चेकिंग अभियान चलाया। यहां के निवासी महेंद्र सिंह का लगभग दो लाख का बिन बकाया होने के चलते कनेक्शन काट दिया गया। परमेश्वर किराना स्टोर तथा रामू बर्तन भंडार पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा लालजी, रामजीत, संजय अग्रवाल, अजय पांडेय, दिनेश, निर्मला देवी, रमजान व जगनलाल गुप्त भी बिजली चोरी करते पाए गए।
जलालपुर में अखिलेश कुमार व जितेंद्र तथा टांडा में अनूप, धीरेंद्र व अमित कुमार को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। बिजली अधिकारियों ने बताया कि पांच आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया है।