अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में लगातार दूसरे दिन बस स्टेशन क्षेत्र के साथ ही तीन मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरे दिन ठप रही। तारों को बदले जाने के लिए लगभग दस घंटे बिजली ठप रहने से 15 हजार की आबादी परेशान रही। नाराज उपभोक्ताओं ने कहा कि श्रमिक व संसाधन बढ़ाकर तेजी से काम कराया जाना चाहिए। मनमाने ढंग से काम कराने के चलते ही इस तरह के संकट का सामना करना पड़ रहा है।
अकबरपुर नगर में इन दिनों सामान्य तार को बदलकर बंच कंडक्टर लगाए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी बस स्टेशन क्षेत्र की बिजली इसके चलते सुबह आठ बजे करीब ठप पड़ गई। इससे कुछ ही देर बाद आसपास के उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ने लगीं। बस स्टेशन क्षेत्र के साथ ही ब्लाॅक क्षेत्र, एलआईसी गली व शास्त्रीनगर मोहल्ले में रहने वाले उपभोक्ताओं को दोपहर बाद पेयजल की दिक्कत होने लगी।
इनवर्टर जैसे उपकरण भी उपभोक्ताओं का साथ छोड़ने लगे। इससे सबसे ज्यादा मुश्किल हुई। सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी होने से तो किसी तरह काम चल गया था, लेकिन दोपहर बाद फिर से गर्मी बढ़ी तो बिना बिजली के उपभोक्ता बेहाल रहे। आपूर्ति ठप होने से घरों के अलावा दुकानों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। सरकारी कार्यालयों में भी इसका असर देखने को मिला। अधीक्षण अभियंता गिरीश नारायण मिश्र ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ही तार बदलवाए जा रहे हैं।