अंबेडकरनगर। रेल लाइन दोहरीकरण में कार्यदायी संस्था की मनमानी ने जिला मुख्यालय की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को छिन्नभिन्न कर रखा है। केबल क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के बाद वैकल्पिक प्रबंधों के सहारे शहर को बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। नतीजा यह है कि अकबरपुर नगर के तीन चौथाई हिस्सों को सुचारु बिजली मिल पाना कठिन हो गया है।
बिजली विभाग अधिकारियों के अनुसार नई केबल सोमवार सुबह तक अकबरपुर पहुंच जाएगी, लेकिन अभी रेलवे की तरफ से जरूरी अनुमति नहीं मिल पाई है। उनसे संपर्क किया गया है, लेकिन समुचित जवाब नहीं मिल पा रहा है। इस बीच डीएम सैमुअल पॉल एन ने भरोसा दिलाया है कि वे रेलवे अधिकारियों से बात कर अविलंब अनुमति दिलाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही यदि इसमें पॉवर कार्पोरेशन कर्मियों द्वारा कोई लापरवाही पाई गई, तो उसका संज्ञान लिया जाएगा।
रेल लाइन दोहरीकरण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था की मनमानी ने अकबरपुर नगर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पटरी से उतार दिया है। लगभग एक पखवारा पहले कार्यदायी संस्था ने बिना बिजली अधिकारियों व कर्मचारियों को सूचित किए खुदाई कर दी, जिससे अंडरग्राउंड केबल क्षतिग्रस्त हो गई थी।
इससे दो दिन तक अकबरपुर उपकेंद्र के कई हिस्सों में आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली कर्मियों ने केबल को दुरुस्त किया, तो फिर से उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बाद केबल के ऊपर ही रेल पटरी आदि बिछा दी गई। नतीजा यह हुआ कि अकबरपुर टाउन उपकेंद्र से जुड़े मीरानपुर, तहसील तिराहा, तमसा मार्ग, मुरादाबाद, शहजहांपुर व पण्डाटोला क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग ने हालात में काबू में करने के लिए तमसा मार्ग, मीरानपुर व तहसील तिराहा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को बैरमपुर बरवां उपकेंद्र से जोड़ दिया।
शहजहांपुर, मुरादाबाद व पण्डाटोला की विद्युत आपूर्ति को मरैला उपकेंद्र से संबद्ध कर दिया गया। इसके बाद से सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल तो हो गई, लेकिन मरैला व बैरमपुर बरवां उपकेंद्र ओवरलोड का शिकार हो गए। हालात यह है कि मरैला उपकेंद्र से जुड़े नए क्षेत्रों के अलावा शहजादपुर चौक, लोहा मण्डी, सब्जी मण्डी, रामजानकी मंदिर क्षेत्र, दोस्तपुर चौराहा, कृष्णानगर कॉलोनी आदि जगहों की विद्युत आपूर्ति भी छिन्नभिन्न होने लगी है। उधर टाउन उपकेंद्र से जुड़े अयोध्या मार्ग के मोहल्लों व गांव की विद्युत आपूर्ति भी बेपटरी हो गई है।
रेलवे की मनमानी से आक्रोश
रेलवे द्वारा मनमाने ढंग से खुदाई कर केबल को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने से उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। उपभोक्ताओं ने कहा कि रेलवे ने यदि खुदाई करने से काफी पहले बिजली विभाग को अधिकृत तौर पर सूचित किया होता, तो वहां पत्राचार कर नई केबल व अन्य व्यवस्था के लिए समय रहते बजट का प्रबंध हो जाता। रेलवे ने अचानक केबल क्षतिग्रस्त कर दिया, तो नए स्थान पर केबल डालने व उसके लिए खुदाई करने आदि में होने वाले खर्च के लिए बजट स्वीकृत कराने में समय लग गया। इस समय को रेलवे प्रशासन की दूरदर्शिता से बचाया जा सकता था। इससे उपभोक्ताओं को अब तक जिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हे, उससे उन्हें निजात मिल सकती थी। अवर अभियंता पॉवर कार्पोरेशन सतीश कुमार ने बताया कि रेलवे की मनमानी को लेकर पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। उनके द्वारा सहयोग न किए जाने से ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
डीएम ने दिलाया भरोसा
डीएम सैमुअल पॉल एन ने रविवार को भरोसा दिलाया कि वे रेल अधिकारियों से स्वयं बात करेंगेे। अविलंब उनकी यहां मौजूदगी सुनिश्चित कराई जाएगी, जिससे नई केबल आसानी से लगाई जा सके। अंडरग्राउंड केबल जल्द से जल्द लगना सुनिश्चित कराया जाएगा।