बसखारी (अंबेडकरनगर)। हंसवर क्षेत्र में एक ई-रिक्शा रविवार देर शाम तालाब में पलट गया। सूचना पर ई-रिक्शा को रात में ही निकाल लिया गया लेकिन चालक का पता नहीं चल सका। सोमवार को उसका शव मिला।
यह हादसा लखनपुर गांव के निकट हुआ। बसखारी निवासी मोहम्मद वकील खान (48) रविवार देर शाम ई-रिक्शा से यात्रियों को गोकुलपुर गांव के निकट छोड़ने के बाद लौट रहा था। रास्ते में लखनपुर के निकट ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में पलट गया। उसके साथ मोहम्मद वकील भी पानी में डूब गया।
आसपास मौजूद लोगों को जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने ई-रिक्शा को रात में तालाब से निकाल लिया, लेकिन चालक का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की तो मोहम्मद वकील का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।