अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के शहजादपुर वार्ड की लगभग 15 हजार आबादी को पेयजल की समस्या से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। वार्ड में जलापूर्ति योजना को शासन से हरी झंडी मिल गई है। अमृत योजना के तहत वार्ड में जलापूर्ति के लिए दो ट्यूबवेल लगाने के साथ पानी की एक टंकी (ओवरहेड टैंक) बनाई जाएगी। इस कार्य पर करीब 10 करोड़ की लागत आएगी।
नगरीय क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अमृत योजना के तहत नगर पालिका अकबरपुर क्षेत्र के शहजादपुर वार्ड का चयन गत दिनों किया गया। लगभग पांच माह पहले कार्यदायी संस्था जल निगम अयोध्या ने शासन को डीपीआर भेजा था। उसे शासन से मंजूरी मिलने के बाद जलनिगम विभाग ने प्रक्रिया आगे बढ़ाया है। है।
जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक शहजादपुर वार्ड में 10 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से दो ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। 750 किलो लीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। घर-घर जलापूर्ति के लिए लगभग 10 किमी. की लंबाई में भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद जल निगम कार्यालय ने काम शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। इससे शहजादपुर वार्ड की 15 हजार आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
जल्द शुरू होगा काम
जलापूर्ति योजना के तहत जल्द ही टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद काम शुरू कराकर उसे प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
-विवेक कुमार, अधिशासी अभियंता, जलनिगम