अंबेडकरनगर। नवगठित नगर पंचायत जहांगीरगंज में पेयजल का संकट जल्द दूर होगा। नगर के करीब साढ़े आठ हजार घरों तक पानी पहुंचाने की तैयारी चल रही है। इससे लगभग 35 हजार आबादी को सहूलियत होगी।
अमृत योजना के दूसरे चरण के तहत 32 करोड़ रुपये की लागत से नगर पंचायत में दो ओवरहेड टैंक (टंकी) बनाने के साथ पांच ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। नगर के 8500 घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यह काम कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जहांगीरगंज को डेढ़ वर्ष पहले नगर पंचायत का दर्जा मिला था। नगर पंचायत में 17 वार्डों की आबादी करीब 35 हजार है। इन लोगों को नगरीय क्षेत्र की कई सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनमें पेयजल की आपूर्ति प्रमुख मुद्दा है। नगर में सड़कों व गलियों का निर्माण कराया जा रहा है। पेयजल के संकट को दूर करने के लिए अमृत योजना के दूसरे चरण में काम कराने की शासन ने गत दिनों मंजूरी दे दी है।
जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक 32 करोड़ रुपये खर्च कर नगर के सभी वार्डों में जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए 60 किमी. लंबाई में भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ नगर में पानी की दो टंकियां बनाई जाएंगी। पांच ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। यह कार्य कराने की जिम्मेदारी जल निगम अयोध्या को सौंपी गई है।
काफी सहूलियत होगी
जगदीशपुर वार्ड के घनश्याम यादव का कहना है कि पेयजल की समस्या का दूर किया जाना बेहद जरूरी है। घरों तक पानी पहुंचने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। योजना को जल्द पूरा कराने पर अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।
पेयजल की समस्या होगी दूर
चंदनपुर बिरतिया वार्ड के उमाशंकर ने बताया कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र के हालात में सुधार हुआ है। अमृत योजना के तहत घरों तक पानी पहुंचने से पेयजल की समस्या दूर हो सकेगी।
जल्द शुरू होगा काम
नगर के घरों में जलापूर्ति योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे जल्द पूरा कराकर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-विवेक कुमार, अवर अभियंता, जल निगम अयोध्या