नगर विकास राज्यमंत्री के निर्देश पर एसडीएम ने ईओ को भेजी नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका टांडा में गारंटी पीरियड के अंदर ही नगर पालिका द्वारा लाखों की लागत से बनी सड़क की मरम्मत कराने का मामला तूल पकड़ गया है। एसडीएम सचिन यादव ने अधिशासी अधिकारी को फाइलों के साथ तलब कर लिया है। इसके बाद से नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है।
नगर पालिका के मोहल्ला काजीपुरा में आदर्श जनता चौराहा से अकबरपुर मुख्य मार्ग तक की सड़क को 2019 में लगभग 65 लाख रुपये की लागत से निर्माण करवाया गया था। निर्माण शर्त के अनुसार कार्यदायी संस्था को उक्त सड़क को पांच वर्ष तक अपने अनुरक्षण में रख कर मरम्मत करवानी थी। हालांकि समय से पहले बदहाल हो चुके इस मार्ग को संस्था ने दुरुस्त नहीं कराया। नगर पालिका पर आरोप है कि ऑफलाइन टेंडर करा कर कुछ चहेते ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने का काम किया गया। सड़क को दो भाग में दिखाकर टेंडर किया गया है।
शिकायत के अनुसार पांच लाख से अधिक के किसी भी कार्य के लिए डीएम से अनुमोदन कराना पड़ता है। इसलिए एक ही सड़क को दो भाग में बांटकर टेंडर किया गया। इसकी शिकायत बीते दिनों शासन से की गई थी। शिकायत काे संज्ञान में लेकर नगर विकास राज्य मंत्री राकेश कुमार राठौर ने एसडीएम टांंडा को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। ऐसे में एसडीएम ने एक सप्ताह के अंदर अधिशासी अधिकारी को पत्रावलियों के साथ तलब किया है।