अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। सीडीओ अनुराज जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश श्रीवास्तव ने राइसमिलर को फोर्टिफिकेशन, नमकीन निर्माणकर्ताओं व होटल व्यवसायियों को कुकिंग ऑयल के दोबारा प्रयोग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार कुकिंग आयल का प्रयोग दो बार से अधिक नहीं करेगा। किसी तेल का प्रयोग बार-बार तलने-भुनने में किया जाता है तो इससे कई तरह की बीमारियां फैलती हैं। ऐसे में दुकानदारों के पास दो बार प्रयोग में लेने के बाद जो तेल बचेगा उसे आने वाले समय में नामित संस्था खरीदेगी। इससे व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय ने कहा कि वैवाहिक आयोजन व अन्य मौकों पर बर्बाद होने वाले अतिरिक्त भोजन को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। सीडीओ ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को नियमित अभियान चलाने व लोगों को जागरूक करने की सलाह दी। इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।