अंबेडकरनगर। हाथों के सहारे घिसटते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे दिव्यांग फरियादी को देख डीएम अविनाश कुमार सिंह बुधवार को द्रवित हो उठे। वे अपनी कुर्सी छोड़कर दरवाजे के बाहर आए। पीड़ित से मिलकर उसका हाल जाना और तत्काल व्हील चेयर दिलाई। वहां मौजूद एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने उसे मोटर ट्राइसाइकिल दिलाने का भरोसा दिया।
बुधवार को डीएम कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन के दौरान पीड़ितों की फरियाद सुन रहे थे। इस बीच उन्हें जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनुपम सिंह ने जानकारी दी कि एक दिव्यांग आपसे मिलना चाह रहा है। डीएम कुर्सी से उठे और दरवाजे के बाहर सीढि़यों पर बैठे दिव्यांग से मिलने पहुंचे। दिव्यांग ने अपनी पहचान तुफैल निवासी विकास खंड टांडा के दौलतपुर के रूप में कराई। कहा कि उसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर डीएम ने तत्काल दिव्यांग जन कल्याण विभाग से व्हील चेयर उपलब्ध कराई। साथ ही अन्य सुविधाओं का लाभ जल्द दिलाने का निर्देश दिया। वहां मौजूद एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने तुफैल को आश्वासन दिया कि जल्द ही उसे मोटर ट्राइसाइकिल दिलाई जाएगी।