टांडा (अंबेडकरनगर)। संवेदनशील माने जाने वाले टांडा नगर में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पदमार्च किया। कई मस्जिदों, कब्रिस्तान व होलिका दहन स्थलों तक पहुंचकर लोगों से फीडबैक लिया।
सभी से आह्वान किया कि वे मिलजुलकर होली व शब-ए-बरात मनाएं। डीएम ने बाद में तहसील में धर्मगुरुओं व गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर कहा कि पर्व को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं।
डीएम ने लोगों से शांति व सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया। कहा कि प्रत्येक पर्व हमें साथ रहने की सीख देता है। सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पर्व काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी को शांति के साथ होलिका दहन करने व होली मनाने की सलाह दी। साथ ही शब-ए-बरात पर भी शांति बनाए रखने को कहा।
नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था बेहतर रखने, बिजली विभाग के अधिकारियों को बेहतर आपूर्ति देने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें कोई भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम ने बाद में तहसील पहुंचकर शांति कमेटी की बैठक की। इसमें एएसपी संजय राय, एसडीएम टांडा दीपक वर्मा, सीओ संतोष कुमार, कोतवाल अमित सिंह, एसओ अलीगंज विजेंद्र शर्मा के अलावा कई धर्मगुरू व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।