अंबेडकरनगर। धान क्रय केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए शुक्रवार को डीएम ने सूरापुर क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उधर एडीएम ने एक व तहसीलदार सदर ने दो क्रय केंद्रों का जायजा लिया। दो तौल मशीन व दो नमी मापक यंत्र खराब मिले।
डीएम सैमुअल पॉल एन शुक्रवार को टांडा विकास खंड के सूरापुर क्रय केंद्र पहुंचे। यहां बोरा, रिजेक्शन रजिस्टर, क्रय पंजिका, स्टॉक रजिस्टर, नमी मापक यंत्र, तौल मशीन व डस्टर मशीन ठीक हालत में मिली। क्रय केंद्र प्रभारी मौजूद रहे। कुछ किसान धान बेचने पहुंचे थे।
डीएम ने किसानों से बात कर उनकी समस्या पूछी। कहा कि यदि कोई शिकायत हो तो दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का तत्परता के साथ समाधान किया जाएगा। डीएम ने केंद्र प्रभारी से कहा कि किसानों के धान की खरीद में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। ऐसा होने पर विभागीय एवं विधिक दोनों तरह की कार्रवाई होगी।
एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने क्रय केंद्र बेवाना का निरीक्षण किया। यहां नमी मापक यंत्र खराब मिला। एडीएम ने इसे अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। कहा कि खरीद में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
उधर तहसीलदार अकबरपुर जेपी यादव ने धान क्रय केंद्र लालापुर व जल्लापुर का निरीक्षण किया। लालापुर केंद्र पर नमी मापक यंत्र व एक तौल मशीन खराब मिली। जल्लापुर में तौल मशीन खराब थी। तहसीलदार ने इसे जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।