अंबेडकरनगर। दीप पर्व के मौके पर होने वाली आतिशबाजी के मद्देनजर लगने वाली पटाखों की दुकानों व गोदाम का शनिवार को डीएम सैमुअल पॉल एन व एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने जायजा लिया। नवीन मंडी में पटाखा दुकानदारों से मुलाकात कर निर्देशित किया कि पटाखा बेचने के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इसके अलावा जोगापुर स्थित पटाखे के गोदाम का भी निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि पटाखों की बिक्री इस बार नवीन मंडी परिसर में होना तय हुआ है। शनिवार को दुकानों के लगने का भी सिलसिला शुरू हो गया। रविवार से होने वाली विधिवत बिक्री को देखते हुए डीएम सैमुल पॉल एन व एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। निर्देशित करते हुए कहा कि तेज आवाज वाले पटाखों की बिक्री कतई न की जए। इको फ्रेंडली पटाखों की ही बिक्री की जाए। किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए बालू व पानी की समुचित व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया।
बाद में अधिकारियों ने जोगापुर स्थित अवधेश कसौधन के पटाखे के गोदाम का जायजा लिया। निर्देश दिया कि गोदाम में बालू भरी बाल्टी, पानी के ड्रम समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं रखी जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।