महरुआ (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र महरुआ में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने दिव्यांग ई-रिक्शा चालक को कुचल दिया। ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। उधर, एक दिन पहले थाना क्षेत्र भीटी के सेनपुर में हुए मार्ग हादसे में घायल एक युवक की भी मौत लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में हो गई।
महरुआ थाना क्षेत्र के आनंदनगर बाजार में बुधवार दोपहर ई-रिक्शा चलाकर अकबरपुर जा रहे बरामदपुर जरियारी निवासी कल्पनाथ सिंह (32) को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इससे एक तरफ जहां ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया तो वहीं दिव्यांग कल्पनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ने ट्रक को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया और फरार हो गया। मौके पर पहुंचे एसओ गजेंद्र विक्रम सिंह ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
उधर, सेनपुर चौराहे पर मंगलवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में घायल दूसरे युवक की भी ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। मंगलवार को दुल्लापुर गांव निवासी अंबेश (20), शिवम उर्फ कप्तान सिंह (24), गंगासागर एक बाइक से सेनपुर चौराहे पर जा रहे थे। चौराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई।
इसमें अंबेश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि शिवम उर्फ कप्तान को गंभीर दशा में चिकित्सकों ने जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मंगलवार देर रात मौत हो गई। घटना से समूचे गांव में शोक का माहौल है। शिवम के शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में हो रहा है।