अंबेडकरनगर। प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत निस्तारण प्रक्रिया में जिला पुलिस प्रदेश में अव्वल रही है। जिले से 1949 लोगों ने आइजीआरएस पोर्टल पर पुलिस से संबंधित जो शिकायतें कीं उन सभी का निस्तारण करने की सफलता पुलिस ने पाई थी। एसपी ने जिला टीम से आगे भी ऐसे ही प्रभावी ढंग से काम करते रहने पर जोर दिया है।
विभागों के काम में सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने रैंकिंग व्यवस्था लागू कर रखा है। हालांकि लोकसभा चुनाव के चलते रैंकिंग का निर्धारण तीन माह से रुका हुआ था। अब चुनाव खत्म होने के बाद जून माह के ऑनलाइन मामलों से जुड़े नतीजे सामने आए हैं। यह जनपद पुलिस के लिए खासा उत्साहजनक रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि शतप्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर जिले की पुलिस को प्रदेश में अव्वल श्रेणी में रहने की उपलब्धि मिली है। इससे पहले वर्ष के शुरुआती माह में भी जनपद पुलिस अव्वल रही थी।
आईजीआरएस प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि अकबरपुर कोतवाली, बेवाना, बसखारी, सम्मनपुर, टांडा, हंसवर, इब्राहिमपुर, कटका, जलालपुर, मालीपुर, जैतपुर, आलापुर, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, भीटी, अहिरौली, महरुआ, अलीगंज और महिला थाने की पुलिस टीम ने जून महीने में हुई सभी शिकायतों का निस्तारण माह के अंत तक कर दिया। सभी थानों ने भी ऐसे में अव्वल स्थान बनाया है। एसपी डॉ कौस्तुभ ने इस उपलब्धि के लिए सभी सबंधित पुलिस कर्मियों को शाबाशी देते हुए कहा कि आगे भी ऐसे ही प्रदर्शन को दोहराते रहना है। यह तभी होगा जब प्रत्येक पुलिसकर्मी निर्देश का इंतजार करने से पहले खुद जिम्मेदारी महसूस करता चले। इससे ऑनलाइन शिकायतें निस्तारित होंगी और अन्य तरह की दिक्कतों से भी बचा जा सकेगा।