अंबेडकरनगर। आजमगढ़ में चल रही प्रदेश स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। टीम में जिले के पांच खिलाड़ी शामिल हैं।
शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में अयोध्या मंडल की टीम ने मेरठ को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने वाली अयोध्या मंडल की टीम ने मेरठ को मात्र 83 रन पर ढेर कर दिया। जिले के अनुराज, बलवंत, अंशुल व अभिनव सिंह अंतिम एकादश में अपनी जगह बनाने सफल रहे। 83 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अयोध्या मंडल की टीम ने 17.2 ओवर में जीत दर्ज कर ली। रविवार को होने वाले फाइनल में अयोध्या मंडल का मुकाबला आजमगढ़ की टीम से होगा। जिला क्रीड़ाधिकारी शीला भट्टाचार्य व क्रिकेट कोच मृत्युंजय सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों ने विश्वास जताया कि खिलाड़ी फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाएंगे।