अंबेडकरनगर। केबल में फॉल्ट होने से जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुधवार को ठप हो गई। केबल दुरुस्त होने में देरी को देखते हुए नगर के दूसरे फीडर से अस्पताल की आपूर्ति शुरू करने के दौरान हाईवोल्टेज से कई उपकरण फुंक गए। आपूर्ति बहाल होने के बाद भी बृहस्पतिवार को लोवोल्टेज के चलते एक्सरे व सीटी स्कैन जैसी जांचें प्रभावित रहीं। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ा।
जिला अस्पताल में चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति के लिए अलग फीडर बनाया गया है। इसके साथ उपकेंद्र से लेकर जिला अस्पताल तक अंडरग्राउंड केबल बिछाई गई है। इस अतिरिक्त व्यवस्था के बावजूद अक्सर केबल में फॉल्ट के चलते अस्पताल की आपूर्ति ठप हो जाती है। बुधवार को भी अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आने से अस्पताल की आपूर्ति पर ब्रेक लगा दिया। इससे वार्डों में भर्ती मरीजों को काफी परेशानी हुई।
सूचना पर उपकेंद्र की टीम केबल की फॉल्ट को दुरुस्त नहीं कर सकी। फॉल्ट को खोजने में ही काफी समय गुजर गया। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अस्पताल को आपूर्ति दी गई। इसके लिए केबल को वीआईपी फीडर से जोड़ने के दौरान अचानक वोल्टेज अधिक हो गया। इससे जिला अस्पताल के कई उपकरण फुंंक गए। इसमें ओटी लाइट, नवजात की सेंकाई करने वाला उपकरण, वार्मर के साथ ही फिजियाथिरेपी से संबंधित दो मशीनें जल गईं।
इन सभी उपकरणों की बृहस्पतिवार को मरम्मत करा दी गई। वीआईपी फीडर से आपूर्ति शुरू होने के बाद बृहस्पतिवार को बार-बार लोवोल्टज की समस्या रही। इसके चलते एक्सरे व सीटी स्कैन जैसी जांच कई बार प्रभावित हुई। जांच के लिए पहुंने लोगों को इंतजार करना पड़ा। बृहस्पतिवार को सीटी स्कैन कराने पहुंचे रफीगंज निवासी सूर्यकांत यादव की जांच नहीं हो पाई। एक्सरे के लिए पहुंचे शहजादपुर निवासी नसीम को परेशान होना पड़ा।
दो हफ्ते बाद फिर आई मुश्किल
जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली देने के लिए बिछाई गई केबल में दो माह के दौरान दूसरी बार बड़ी फॉल्ट आई है। इससे पहले कलेक्ट्रेट के निकट पार्क निर्माण के दौरान जेसीबी ने केबल को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके चलते जिला अस्पताल में करीब दो माह तक लोवोल्टज व कटौती की समस्या बनी रही। इससे निजात के लिए दो हफ्ते पहले भूमिगत केबल डालकर आपूर्ति सुचारू की गई। नई केबल में बुधवार को आई गड़बड़ी का बृहस्पतिवार शाम तक पता नहीं लगाया जा सका था।
दुरुस्त कराई जा रही आपूर्ति
पावर कॉर्पाेरेशन के अधिकारियों से बात की गई है। जल्द निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस