अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में नगरोदय योजना के तहत डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर लिया है। परियोजना के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि भी आवंटित की गई है। वर्तमान में नगरपालिका क्षेत्र के याकूबपुर कटारिया में एक राजकीय पुस्तकालय संचालित है। इसी पुस्तकालय परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव पिछले महीने तैयार किया गया था। इस नई सुविधा के निर्माण से यहां आने वाले बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में विशेष सहूलियत मिल सकेगी। शहर में अभी तक इस प्रकार की कोई डिजिटल लाइब्रेरी उपलब्ध नहीं थी। नई लाइब्रेरी में आधुनिक कंप्यूटर, बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां और वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे छात्र-छात्राएं बेहतर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। प्रभारी अधिशासी अधिकारी विशाल सारस्वत ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए भेजा गया प्रस्ताव अब स्वीकृत हो गया है। शीघ्र ही इसके निर्माण संबंधी आगे की प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।