हजपुरा (अंबेडकरनगर)। कुर्की बाजार में एक स्कूल के प्रबंधक को बच्चे के बालों का फौजी स्टाइल पसंद नहीं आया तो उसका मुंडन करा दिया। घटना के बाद से कक्ष का एक यह छात्र सदमे में है और बृहस्पतिवार को स्कूल नहीं गया। छात्र के पिता ने इसकी शिकायत सम्मनपुर पुलिस से की है।
मामला कुर्की बाजार में संचालित नबी हसन इदरीसी इंटर कॉलेज का है। कुर्की निवासी रवींद्र राजभर का छह वर्षीय पुत्र शिवांश विद्यालय में कक्षा एक का छात्र है। उसके पिता ने शौक से अपने पुत्र की गत दिवस फौजी स्टाइल में बाल कटवाए थे। वह बुधवार को स्कूल गया तो प्रबंधक पीर मोहम्मद बच्चे पर भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने न सिर्फ बच्चे को फटकार लगायी बल्कि एक नाई बुलवा कर उसका मुंडन करा दिया।
छुट्टी होेने पर शिवांश रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। पिता ने फोन पर प्रबंधक से आपत्ति दर्ज करायी तो उसे भी अपमानित किया गया। स्कूल से नाम काटकर बच्चे को भगा देने की धमकी भी दी। इस पर रवींद्र बुधवार शाम सम्मनपुर थाने पहुंचे और शिकायत कर तहरीर दी। थानाध्यक्ष दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि केस दर्ज कर पूछताछ के लिए प्रबंधक को बुलाया गया है।
उधर विद्यालय प्रबंधक पीर मोहम्मद ने बताया कि सिर मुड़वाया नहीं गया है। बच्चे ने जितना छोटा बाल पीछे बनवा रखा था उतना ही बाल पूरे सिर का करा दिया गया। अनुशासन के लिए ऐसा किया गया। बच्चे ने मिलिट्री स्टाइल में नही किसी हीरो की नकल करते हुए खास स्टाइल में बाल कटवाया था।