जलालपुर। बाबा गोविंद साहब मेले में शनिवार को ही आसपास के कई जिलों के श्रद्धालु पहुंच गए हैं, जो मध्य रात्रि को परंपरा के अनुरूप लाखों श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान कर पुण्य अर्जित करेंगे। श्रद्धालुओं ने शाम को यहां जगह-जगह शिविर लगाकर पारंपरिक ढंग से गोबर के कंडे पर बाटी और चोखा तैयार कर सेवन किया। गोविंद दशमी स्नान के लिए मुख्य रूप से बलिया, गाजीपुर, मऊ, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर, सुल्तानपुर, आजमगढ़ से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। गोविंद साहब मेला परिसर में शाम से ही जगह-जगह कंडे धधकने लगे। रात में स्नान के बाद सुबह श्रद्धालु मठ पर खिचड़ी की पोटली चढ़ाएंगे। मान्यता है कि यदि घर के अनाज भंडार इसका अंश रख दिया जाए तो कभी अन्न की कमी नहीं होती।