कटेहरी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के शिवबाबा धाम में सोमवार को साप्ताहिक मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने पहुंचे। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर पहुंचने लगी और दोपहर तक पूरा परिसर आस्था के रंग में रंग गया। हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। भोर की आरती के साथ ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, भस्म और आक के पुष्प अर्पित किए। कतारबद्ध होकर पहुंचे भक्त अपने साथ नारियल, कलश, पुष्प-माला और प्रसाद लेकर आए। बच्चों और महिलाओं ने जलाभिषेक किया। ग्रामीण अंचल से आए भक्तों ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किया। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। यहां खिलौनों, घरेलू सामान, मिठाइयों और खानपान के अस्थायी स्टालों पर खरीदारी खूब हुई। बच्चों के बीच खिलौनों की मांग अधिक रही, जबकि परिवार के लोगाें ने घरेलू सामान की खरीदारी की।