बसखारी (अंबेडकरनगर)। मृत व्यक्ति की भूमि का फर्जी तरीके से बैनामा कराने के मामले में बैनामा लेखक सहित आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। यह केस न्यायालय के आदेश पर बसखारी थान में दर्ज हुआ है। इस मामले में बैनामाधारक जीता देवी ने भी केस दर्ज कराया है।
बसखारी क्षेत्र के भिदूण गांव निवासी अखंड प्रताप सिंह ने न्यायालय को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके चाचा अंबिका प्रसाद सिंह की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद कूटरचित ढंग से जीता देवी पत्नी झिनकू, झिनकू, मोहम्मद हसनैन निवासी मखनपुर बसखारी, रामआशीष निवासी वासुदेवनगर ने बैनामा लेखक संजय प्रजापति के साथ मिलकर उनकी भूमि का बैनामा करा लिया। इसकी जानकारी उन्हें लेखपाल के माध्यम से हुई जब वह दाखिल खारिज से जुड़ी रिपोर्ट लगाने के लिए घर पहुंचा।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर किया है। इसी मामले में करीब दो माह पहले जीता देवी ने अखंडप्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि उन्होंने अपने चाचा अंबिका प्रसाद के मौत की जानकारी उन लोगों से छिपाकर दूसरे व्यक्ति को अंबिका प्रसाद बताकर भूमि का बैनामा कराकर पैसा ले लिया। पुलिस दोनों मामले में छानबीन कर रही है।